गोरखपुर -फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की बैठक
गोरखपुर -फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की बैठक
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में लगाए जाने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण समय से एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही मतदान सामग्री, मतदेय स्थलों की व्यवस्थाएं, कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को समय रहते पूर्ण करने पर बल दिया। बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। ज्ञातव्य है कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। जनपद अमेठी में निर्वाचन के लिए कुल 9 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां कुल 1099 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 854 पुरुष एवं 245 महिला मतदाता शामिल हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह सहित निर्वाचन कार्य से संबंधित प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment