सीडीओ ने सिंहपुर की दो साधन सहकारी समितियों का किया औचक निरीक्षण
सीडीओ ने सिंहपुर की दो साधन सहकारी समितियों का किया औचक निरीक्षण
खाद वितरण व्यवस्था, उर्वरक स्टॉक एवं पीओएस मशीन का किया भौतिक सत्यापन; किसानों को सुगम एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
श्री न्यूज़ 24 से अयोध्या मंडल ब्यूरो चीफ शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्ला
जिलाअमेठी मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा आज विकासखंड सिंहपुर के अंतर्गत साधन सहकारी समिति राजापुर एवं इन्हौना का औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रबी सत्र के दृष्टिगत किसानों के लिए डीएपी एवं यूरिया की उपलब्धता, उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की पारदर्शिता का जायजा लिया गया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) उपस्थित रहे।
साधन सहकारी समिति, राजापुर का निरीक्षण
मुख्य वकास अधिकारी ने समिति में उपलब्ध डीएपी एवं यूरिया के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा पीओएस (POS) मशीन में दर्ज विवरण का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया। सत्यापन के दौरान अभिलेखों में दर्ज विवरण सही पाया गया।
समिति परिसर में किसानों के लिए पेयजल की व्यवस्था एवं सूचना पट्ट पर आवश्यक विवरण अंकित पाया गया। हालांकि, परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए तत्काल स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
साधन सहकारी समिति, इन्हौना का निरीक्षण
इसके परांत मुख्य विकास अधिकारी ने साधन सहकारी समिति इन्हौना का निरीक्षण किया। यहां भी स्टॉक रजिस्टर एवं पीओएस मशीन में दर्ज विवरण का मिलान सही पाया गया। मौके पर 65 बोरी डीएपी सहित अन्य उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए।
समिति परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित कार्मिकों को तत्काल सुधार सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।
किसानों को खाद वितरण में असुविधा न हो, पारदर्शिता के साथ हो वितरण
मुख्य विकास अधिकारी ने दोनों समितियों के सचिवों को निर्देशित किया कि रबी सत्र के दौरान किसी भी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। डीएपी एवं यूरिया का वितरण निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, स्टॉक एवं वितरण संबंधी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए।
जनगणना 2027 एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने समितियों पर उपस्थित किसानों एवं आमजन से संवाद कर उन्हें दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रति जागरूक किया।
जनगणना 2027 स्वगणना (Self-Enumeration): नागरिकों को स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करने तथा प्रक्रिया के उपरांत प्राप्त होने वाली SE ID को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि जनगणना कर्मियों के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान आगे की प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण हो सके।
मतदातासूची पुनरीक्षण – फॉर्म-6: पात्र युवा एवं अन्य नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने दोनों समितियों के सचिवों को निर्देश दिए कि खाद लेने आने वाले किसानों एवं अन्य नागरिकों को इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के संबंध में निरंतर जागरूक किया जाए, जिससे अधिकाधिक पात्र नागरिक इनका लाभ उठा सकें।

Post a Comment