अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने धान क्रय केंद्र आनापुर एवं जामो का किया औचक निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने धान क्रय केंद्र आनापुर एवं जामो का किया औचक निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश
आनापुर केंद्र पर अब तक धान खरीद शून्य मिलने पर जताई नाराजगी, किसानों से तत्काल संपर्क कर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश
जामो केंद्र पर दो किसानों के धान की तौल जारी मिली, किसानों को समयबद्ध भुगतान एवं पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर दिया जोर
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी, 13 नवम्बर 2026। जनपद में धान खरीद व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने तथा किसानों को शासन की मंशा के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी के साथ धान क्रय केंद्र आनापुर एवं जामो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, धान खरीद की प्रगति एवं किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान धान क्रय केंद्र आनापुर पर केंद्र प्रभारी अर्जुन प्रसाद यादव उपस्थित पाए गए। केंद्र पर धान खरीद से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण एवं सुव्यवस्थित मिलीं, लेकिन अब तक केंद्र पर धान खरीद शून्य पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने केंद्र प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि विगत वर्षों में जिन किसानों ने इस केंद्र पर अपना धान विक्रय किया है, उनसे तत्काल संपर्क स्थापित किया जाए तथा उन्हें क्रय केंद्र पर धान विक्रय के लिए प्रेरित करते हुए शीघ्र खरीद प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रय केंद्रों पर खरीद की प्रगति बढ़ाने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र जामो का निरीक्षण किया। यहां विपणन निरीक्षक एवं केंद्र प्रभारी संतोष कुमार सिंह उपस्थित पाए गए तथा केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के समय धान तौल के लिए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी मिलीं, जिनमें लगभग 50-50 कुंतल धान लदा हुआ था। मौके पर कृषक मानुकनिका त्रिपाठी के धान की तौल प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें लगभग 15 कुंतल धान की तौल पूरी हो चुकी थी तथा शेष धान की तौल जारी थी। वहीं दूसरे कृषक मनुनारायण त्रिपाठी की लगभग 50 कुंतल धान से लदी ट्रॉली भी तौल के लिए केंद्र पर खड़ी मिली। केंद्र प्रभारी द्वारा अवगत कराया गया कि दोनों किसानों के संपूर्ण धान की तौल उसी दिन पूर्ण कर ली जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा धान खरीद एवं तौल की प्रक्रिया में किसी भी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से धान खरीद सुनिश्चित करने तथा किसानों को समयबद्ध भुगतान कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीद शासन की प्राथमिकता है। अतः सभी क्रय केंद्र प्रभारी पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ खरीद कार्य संपादित करें, जिससे किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो

Post a Comment