विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण Growth के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चला विशेष अभियान
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण Growth के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर चला विशेष अभियान
22 नवंबर को भी सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होगा विशेष अभियान दिवस, पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत शनिवार को जनपद अमेठी के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहे और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए। विशेष अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए फार्म-6, मतदाता सूची से नाम अपमार्जित कराने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता, आयु, फोटो एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 भरवाए गए। इसके साथ ही बीएलओ ने उपस्थित नागरिकों को मतदाता सूची में नामों के सत्यापन तथा पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान किया। विशेष अभियान दिवस के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी धीरज श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य प्रक्रियाओं के लिए प्राप्त किए जा रहे आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं एवं प्रगति का जायजा लिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आगामी 22 नवंबर 2026 को भी जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी विशेष अभियान दिवस पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित फार्म के माध्यम से आवेदन कर उसे ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी नागरिक पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने एवं अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे

Post a Comment