राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राम मंदिर कार्यक्रम के लिए बनाया जाएगा बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा!
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राम मंदिर कार्यक्रम के लिए बनाया जाएगा बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा!
श्री न्यूज़ 24 से अयोध्या मंडल ब्यूरो चीफ शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्लाअयोध्या राम मंदिर में आयोजित होने वाले नव संवत्सर कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी तेज हो गई है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस इकाइयों के जवानों की तैनाती की जाएगी और सभी के बीच समन्वय के लिए विशेष नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है।
आगामी 19 मार्च को राष्ट्रपति के हाथों राम मंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना की जानी है। इसी अवसर पर एक सम्मान समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कारसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर के कुछ मंदिरों पर ध्वजारोहण भी किया जाएगा। आयोजन में करीब छह हजार वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम के बड़े स्वरूप को देखते हुए पिछले लगभग एक महीने से राम मंदिर ट्रस्ट के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। अब राष्ट्रपति के आगमन की तिथि नजदीक आने के साथ ही सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत किया जा रहा है।
पुलिस ने राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट, साकेत महाविद्यालय स्थित हेलीपैड, राम मंदिर परिसर, राष्ट्रपति के आवागमन मार्ग और मंदिर भ्रमण मार्ग सहित विभिन्न स्थानों के लिए कुल 12 नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। इन अधिकारियों के अधीन पुलिसकर्मियों की टीमों की तैनाती की जा रही है, जो अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखेंगी।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति की सुरक्षा कई स्तरों पर की जाएगी। सबसे भीतरी सुरक्षा घेरा उनकी पारंपरिक सैन्य इकाई के जवान संभालेंगे, जबकि नजदीकी सुरक्षा के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसके बाद के घेरों में स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियों और विशेष सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए जाएंगे।
आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और खुफिया टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। राष्ट्रपति के आवागमन मार्गों की पहले से ही गहन जांच कराई जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेंज और जोन के अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की गई है



Post a Comment