Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

सम्पूर्णानगर चीनी मिल क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का कहर, हादसे में लड़की घायल

सम्पूर्णानगर चीनी मिल क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का कहर, हादसे में लड़की घायल!




लखीमपुर खीरी। जिले में किसान सहकारी चीनी मिल सम्पूर्णानगर के अंतर्गत ओवरलोड वाहनों का लगातार कहर देखने को मिल रहा है। कई बार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

बताया जा रहा है कि हाल ही में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ओवरलोड वाहन 11000 बिजली लाइन और टोकन पर्ची काटने वाले कार्यालय के पास अनियंत्रित होकर जा गिरा। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों और खबरों के बावजूद आरटीओ विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।

चालकों से बातचीत में दबी जुबान से यह भी खुलासा हुआ कि हर महीने मोटा नजराना दिए जाने की वजह से ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आरटीओ विभाग इस पर कार्रवाई करेगा या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर पलिया कलां (खीरी) में संपूर्णानगर रोड स्थित त्रिकोलिया बस स्टैंड के पास गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर की दो ट्रॉलियां अचानक पलट गईं। इस हादसे में पास में मौजूद एक स्थानीय लड़की गन्ने के नीचे दबकर घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार नौरंगपुर निवासी मलकीत सिंह का ड्राइवर गन्ने से भरी ट्रॉली लेकर जा रहा था। इसी दौरान त्रिकोलिया बस स्टैंड के पास ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें भरा गन्ना सड़क किनारे स्थित एक घर के पास खड़ी लड़की के ऊपर गिर गया, जिससे वह घायल हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल लड़की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। ट्रॉली मालिक मलकीत सिंह ने घायल के इलाज की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की जाएगी और घर को हुए नुकसान को भी ठीक कराया जाएगा।

घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार घायल लड़की की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

श्री न्यूज़ 24 / आदित्य न्यूज़

यूपी हेड मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट

कोई टिप्पणी नहीं