Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

अमेठी में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का न्यायमूर्ति इरशाद अली ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर।

अमेठी में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का न्यायमूर्ति इरशाद अली ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर।


श्री न्यूज़ 24 से मंडल ब्यूरो चीफ शुकुल बाजार अमेठी से रामधनी शुक्ला


अमेठी। इलाहाबाद हाई कोर्ट खंडपीठ लखनऊ के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री इरशाद अली ने बुधवार को जनपद अमेठी में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ने प्रस्तावित दीवानी न्यायालय के मॉडल का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-2 अयोध्या के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का निर्माण लगभग 220 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस अत्याधुनिक परिसर में 17 कोर्ट रूम, अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, सुरक्षा ब्लॉक, आवासीय परिसर, पार्किंग सुविधा एवं हरित क्षेत्र (पार्क) जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना को 30 अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति इरशाद अली ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। न्यायमूर्ति के आगमन पर जनपद अमेठी के अधिवक्ता गणों ने उनका माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर विशेष कार्याधिकारी राममिलन सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं