टंकी का पानी बंद, ग्रामीण परेशान — प्रशासन बेखबर
टंकी का पानी बंद, ग्रामीण परेशान — प्रशासन बेखबर
पलिया कलां (लखीमपुर खीरी):
तहसील पलिया कलां के ग्राम पंचायत शांति नगर (घोला) में पिछले लगभग छह महीनों से पानी की टंकी की सप्लाई ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और दैनिक जरूरतों के बीच पानी की कमी ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार “हर घर जल” जैसी योजनाओं के तहत स्वच्छ पानी पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं घोला गांव में ये दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। टंकी से पानी न आने के कारण लोग मजबूरन नल या अन्य असुरक्षित स्रोतों का पानी पीने को विवश हैं, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। स्थिति यह है कि ग्राम घोला के अंतर्गत आने वाले करीब पांच गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की टंकी की सप्लाई बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।
रिपोर्ट: सहबान अली
श्री न्यूज़ 24 | अदिति न्यूज़

Post a Comment