बाघ के हमले में किसान की मौत, मोहम्मदी–सिकंदराबाद हाईवे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बाघ के हमले में किसान की मौत, मोहम्मदी–सिकंदराबाद हाईवे पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
Rep.By Harish Rastogi
लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश):जिले के थाना हैदराबाद क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जानवरों के लिए चारा लेने गए एक किसान को बाघ ने हमला कर मार डाला। इस हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक किसान के परिजन और हजारों की संख्या में ग्रामीण मोहम्मदी–सिकंदराबाद हाईवे पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखते हुए कहा कि हमलावर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही मृतक किसान के परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई।
घटनास्थल पर भारी भीड़ के चलते माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


Post a Comment