कागजों में बनी इंटरलॉकिंग, जमीन पर नहीं दिखा एक भी पत्थर; 3.22 लाख रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप
कागजों में बनी इंटरलॉकिंग, जमीन पर नहीं दिखा एक भी पत्थर; 3.22 लाख रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी विकास खंड संग्रामपुर की ग्राम पंचायत ठेंगहा में बिना निर्माण कार्य कराए लाखों रुपये के भुगतान का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में वर्क आईडी-104054349 के अंतर्गत "पारसनाथ सिंह के खेत से नरेंद्र सिंह के घर तक इंटरलॉकिंग निर्माण" कार्य अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि उक्त कार्य के नाम पर 3.22 लाख रुपये से अधिक का भुगतान भी कर दिया गया, जबकि मौके पर कोई इंटरलॉकिंग सड़क मौजूद नहीं है।ग्रामीणों का कहना है कि "मेरी पंचायत" पोर्टल पर उपलब्ध विवरण के अनुसार श्री साईं कृपा ट्रेडर्स को तीन किश्तों में क्रमशः 1,67,923 रुपये, 28,670 रुपये एवं 98,231 रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। इसके अतिरिक्त मजदूरी मद में 27,572 रुपये खर्च दिखाए गए हैं। इस प्रकार कुल 3,22,396 रुपये की धनराशि खर्च होना अभिलेखों में दर्ज है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब धरातल पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ, तो भुगतान किस आधार पर किया गया। उनका आरोप है कि यह सरकारी धन के दुरुपयोग, फर्जी भुगतान और संभावित गबन का मामला हो सकता है।मामले की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए सरकारी धन की रिकवरी कराए जाने की मांग की है।इस प्रकरण के सामने आने के बाद ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था।

Post a Comment