मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम व एसपी ने की संयुक्त पीस कमेटी की बैठक।
मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु डीएम व एसपी ने की संयुक्त पीस कमेटी की बैठक।
अमेठी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरुओं एवं जनपद के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ संयुक्त पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव एवं शांति का संदेश देता है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि वे आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा ऐसी सूचनाओं को तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाएं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों से पूर्व वर्षों में ताजिया जुलूस निकाले जाते रहे हैं, उन्हीं निर्धारित मार्गों का पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ताजिया मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर एवं लटकते हुए तारों की समय रहते मरम्मत करा ली जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग एवं नगर निकायों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों, मस्जिदों एवं ताजिया मार्गों पर विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी आयोजकों एवं धर्मगुरुओं से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की अपील की, ताकि विद्युत तारों अथवा अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी कहा कि मातमी जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग न किया जाए तथा सभी लोग सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें। जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु एवं जनपद के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment