अमेठी स्थापना दिवस विशेष
अमेठी स्थापना दिवस विशेष
योगी सरकार में पर्यटन विकास से बदल रही अमेठी की तस्वीर
गोरखनाथ तपोस्थली से काटूनाला तक, धार्मिक, आध्यात्मिक और इको टूरिज्म का नया केंद्र बन रही अमेठी
वर्ष 2017 के बाद 30.39 करोड़ रुपए की परियोजनाओं से बदली अमेठी की पर्यटन तस्वीर
धार्मिक और इको-टूरिज्म का नया केंद्र बन रहा अमेठी- जयवीर सिंह
अमेठी, 30 जून 2026
उत्तर प्रदेश का अमेठी जिला बुधवार को अपनी स्थापना की 16वीं वर्षगांठ मना रहा है। एक जुलाई 2010 को जिला बनने के बाद यहां पर्यटन विकास की रफ्तार लंबे समय तक सीमित रही। वर्ष 2017 के बाद तस्वीर बदलनी शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यटन परियोजनाओं को गति मिली। धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास पर विशेष फोकस किया गया। वर्ष 2017 से वित्तीय वर्ष 2026-27 तक करीब 30.39 करोड़ रुपए की पर्यटन परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। इससे पर्यटन सुविधाओं का विस्तार हुआ। प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया गया। ईको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिला। लगातार हो रहे विकास कार्यों से अमेठी अब प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'अमेठी को धार्मिक, आध्यात्मिक और प्रकृति पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए जिले के कई महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्यटन विकास परियोजनाएं संचालित हैं। जायस स्थित बाबा गोरखनाथ की तपोस्थली का विकास कराया जा रहा है। यहां गुरु गोरखनाथ की बैठी हुई योग मुद्रा में 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा निर्माण और गौरीगंज की हनुमानगढ़ी गौरा का पर्यटन विकास व सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी प्रकार, बहादुरपुर विकासखंड के ग्राम पीढ़ी स्थित तपेश्वर नाथ धाम मंदिर और परम संत कबीर साहेब की बैठका का भी कायाकल्प किया जा रहा है। मुसाफिरखाना के ग्राम नारा अढ़हनपुर स्थित बाबा महावीर दास मंदिर को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, काटूनाला वन्यजीव क्षेत्र को इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से अमेठी का पर्यटन परिदृश्य बदलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।'
रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे- मंत्री
मंत्री जयवीर सिंह ने आगे बताया कि, 'उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अमेठी में स्वीकृत पर्यटन परियोजनाएं न केवल यहां के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को विकसित करेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। हमारा लक्ष्य पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।'
चरणबद्ध तरीके से हो रहे विकास कार्य- अपर मुख्य सचिव
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि 'अमेठी में पर्यटन विकास की विभिन्न परियोजनाओं पर चरणबद्ध तरीके से कार्य कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के साथ-साथ ईको-टूरिज्म स्थलों का भी समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि पर्यटकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और अमेठी को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा सके।'
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment