10 जुलाई तक करें आवेदन, पिछड़ा वर्ग के युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल व सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण
10 जुलाई तक करें आवेदन, पिछड़ा वर्ग के युवाओं को मिलेगा नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल व सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण
अमेठी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्य ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को नि:शुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट http://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक या युवती होने चाहिए। अभ्यर्थी किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो, परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो, आयु 35 वर्ष से कम हो तथा इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी डाउनलोड की गई प्रति तथा सभी आवश्यक अभिलेखों की दो प्रतियां तैयार कर अंतिम तिथि 10 जुलाई 2026 तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-03, भूतल, विकास भवन, गौरीगंज, अमेठी में जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन से पूर्व वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देश एवं समय-सारिणी का भली-भांति अध्ययन कर लें, जिससे आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment