अमेठी: राजापुर सहकारी समिति में खाद वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल, 10 दिनों से भटक रहे किसान, भारतीय किसान यूनियन ने जांच की उठाई मांग
अमेठी: राजापुर सहकारी समिति में खाद वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल, 10 दिनों से भटक रहे किसान, भारतीय किसान यूनियन ने जांच की उठाई मांग
अमेठी की तहसील तिलोई के ब्लॉक सिंहपुर अंतर्गत ग्राम सभा राजापुर स्थित साधन सहकारी समिति में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि पिछले लगभग 10 दिनों से वे खाद लेने के लिए समिति के लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक खाद उपलब्ध नहीं कराई गई है।
किसानों का कहना है कि जब भी वे समिति पर पहुंचते हैं, उन्हें कभी नेटवर्क न होने, तो कभी मशीन खराब होने का बहाना बनाकर वापस भेज दिया जाता है। उनका आरोप है कि सहकारी समिति के सचिव भी अधिकांश समय समिति पर नहीं मिलते, जिससे किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता और उन्हें बार-बार बिना खाद लिए लौटना पड़ता है।
कई किसानों ने आरोप लगाया कि एक ओर सामान्य किसानों को घंटों इंतजार कराने के बाद वापस लौटा दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर कुछ चुनिंदा लोगों को सुबह और शाम के समय खाद का वितरण किया जाता है। किसानों का कहना है कि यदि खाद उपलब्ध है तो सभी किसानों को समान रूप से वितरित की जानी चाहिए, न कि किसी प्रकार का पक्षपात किया जाए।
इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में सहकारी समिति में खाद वितरण में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सभी किसानों को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
किसान नेताओं का कहना है कि खेती का समय चल रहा है और खाद समय पर नहीं मिलने से फसलों की बुवाई एवं उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए, समिति में खाद वितरण की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment