14 जुलाई को अयोध्या में आयोजित होगा मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन : मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
14 जुलाई को अयोध्या में आयोजित होगा मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव एवं कुक्कुट निवेश सम्मेलन : मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
अमेठी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अमेठी डॉ. जी.के. शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की कुक्कुट विकास नीति-2022 के अंतर्गत प्रदेश में पोल्ट्री क्षेत्र के समग्र विकास, निवेश को प्रोत्साहन तथा आधुनिक वैज्ञानिक कुक्कुट पालन तकनीकों के प्रसार के उद्देश्य से एक दिवसीय मंडल स्तरीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव/कुक्कुट निवेश सम्मेलन का आयोजन 14 जुलाई, 2026 को सर्किट हाउस, अयोध्या के सभागार में किया जाएगा। यह कार्यक्रम शासन के निर्देशानुसार पशुपालन विभाग, अयोध्या मंडल द्वारा आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मंडल के कुक्कुट पालकों, उद्यमियों, निवेशकों एवं विभागीय अधिकारियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां पोल्ट्री क्षेत्र से संबंधित सरकारी योजनाओं, निवेश की संभावनाओं, आधुनिक प्रबंधन तकनीकों, रोग नियंत्रण, जैव सुरक्षा उपायों, विपणन व्यवस्था तथा वित्तीय सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी। डॉ. शुक्ला ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पशुपालन विशेषज्ञ, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील कुक्कुट पालक तथा पोल्ट्री उद्योग से जुड़े उद्यमी प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, जिससे प्रदेश में पोल्ट्री उद्योग को नई दिशा और गति मिल सके। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी कुक्कुट पालकों, पोल्ट्री उद्यमियों एवं इच्छुक निवेशकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सहभागिता कर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पोल्ट्री क्षेत्र में स्वरोजगार, निवेश संवर्धन तथा आय वृद्धि के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment