वृहद वृक्षारोपण महा अभियान-2026 का शुभारंभ, "एक पेड़ मां के नाम" का जन-जन को दिया संदेश
वृहद वृक्षारोपण महा अभियान-2026 का शुभारंभ, "एक पेड़ मां के नाम" का जन-जन को दिया संदेश
महिया सुन्दरिया वन भूमि पर आयोजित हुआ मुख्य कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित।
अमेठी, 12 जुलाई 2026।
"एक पेड़ मां के नाम" थीम पर जनपद अमेठी में आज वृहद वृक्षारोपण महा अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रातः काल से ही पूरे जनपद में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। अभियान का मुख्य कार्यक्रम विकासखंड सिंहपुर स्थित महिया सुन्दरिया वन भूमि पर आयोजित किया गया, जहां मा. राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश श्री मयंकेश्वर शरण सिंह, शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश श्रीमती चैत्रा वी., जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मा. राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित "एक पेड़ मां के नाम" अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण का एक अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि पौधे तभी सार्थक होंगे जब उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा। नोडल अधिकारी एवं महानिदेशक आयुष विभाग उत्तर प्रदेश चैत्रा वी. ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान एवं प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारी जीवनशैली, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संतुलन के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि वे वृक्षारोपण को अपने दैनिक जीवन एवं सामाजिक दायित्व का हिस्सा बनाएं तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि जनपद अमेठी में वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का निर्माण भी होता है। उन्होंने युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से अधिकाधिक पौधारोपण करने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मा. राज्यमंत्री द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को आम के पौधों का वितरण किया गया तथा उन्हें अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा। मुख्य कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मा. राज्यमंत्री ने पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों एवं रचनात्मक गतिविधियों की सराहना भी की गई। वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्राम पंचायत जयनगरा स्थित अमृत सरोवर परिसर में भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त नोडल अधिकारी द्वारा राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, राजा फत्तेपुर, तिलोई परिसर में सहजन का पौधा लगाकर जनसामान्य को औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों के रोपण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने जनपद में संचालित वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा एवं लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जा रहा है तथा पौधों के संरक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, ब्लॉक प्रमुख सिंहपुर अंकित पासी, ब्लॉक प्रमुख तिलोई प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने "एक पेड़ मां के नाम" अवश्य लगाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और जनपद को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment