निघासन में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 15 ई-रिक्शा और 2 ट्रैवलर वाहन सीज, मचा हड़कंप
निघासन में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 15 ई-रिक्शा और 2 ट्रैवलर वाहन सीज, मचा हड़कंप
निघासन क्षेत्र में सोमवार को परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 ई-रिक्शा और 2 ट्रैवलर वाहनों को सीज कर दिया। बिना पंजीकरण, फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर दौड़ रहे वाहनों पर हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ग्रामीणों और व्यापारियों द्वारा लंबे समय से शिकायत की जा रही थी कि बिना फिटनेस और रजिस्ट्रेशन के चल रहे ई-रिक्शों के कारण चौराहों पर जाम की स्थिति बनती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाया।
सोमवार दोपहर पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र यादव ने निघासन कोतवाली पुलिस के सहयोग से पलिया रोड हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 15 ई-रिक्शा और 2 ट्रैवलर वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया।
पीटीओ डॉ. कौशलेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्र से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और वैध दस्तावेजों के कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वाहन संचालन करने वालों में खलबली मच गई है। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, जाम की समस्या कम करना और आम लोगों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।

Post a Comment