Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

सीओ कार्यालय तक पैदल मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़का आक्रोश

 सीओ कार्यालय तक पैदल मार्च, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़का आक्रोश



प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी बोले जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज


निघासन (लखीमपुर खीरी) थाना पढ़ुआ में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिषद के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग कस्बे से पैदल मार्च करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय पहुंचे और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन धरने के साथ आंदोलन को और तेज करेंगे।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बीते माह थाना पढ़ुआ क्षेत्र में विनोद कुमार मौर्य और प्रमोद कुमार मौर्य पर कथित रूप से दरबारी लाल, घनश्याम, विदेश तथा हरगोविंद ने जानलेवा हमला किया था। घटना में गंभीर चोटें आने के बाद पुलिस ने विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन अब तक केवल एक आरोपित को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बाकी नामजद आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फरार आरोपित लगातार सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं और समझौता न करने पर जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपितों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित परिवार लगातार मानसिक तनाव में जीवन जीने को मजबूर है।


सीओ कार्यालय पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने परिसर के बाहर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज देती तो उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। परिषद के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष के कुछ लोगों विनोद मौर्य, प्रमोद कुमार, राकेश और इंद्रेश के खिलाफ दर्ज मुकदमे फर्जी हैं और उनकी निष्पक्ष जांच कर उन्हें समाप्त किया जाना चाहिए।


प्रदर्शन के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है।

कोई टिप्पणी नहीं