राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास गौरीगंज में प्रवेश हेतु आवेदन शुरू, 30 मई 2027 तक रहेगा प्रवेश मान्य।
राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास गौरीगंज में प्रवेश हेतु आवेदन शुरू, 30 मई 2027 तक रहेगा प्रवेश मान्य।
अमेठी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास (बालक), कटरालालगंज, गौरीगंज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। छात्रावास में प्रवेश के लिए केवल वही छात्र पात्र होंगे, जो समाज कल्याण विभाग अथवा कल्याण सेक्टर के अन्य विभागों द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त करने की पात्रता रखते हों तथा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय, कॉलेज या विश्वविद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत हों। उन्होंने बताया कि छात्रावास की कुल उपलब्ध क्षमता में 70 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष 30 प्रतिशत सीटों पर अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के पात्र छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया में दिव्यांग छात्रों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि छात्रावास में प्रवेश छात्रों की शैक्षिक योग्यता, उच्च कक्षा को प्राथमिकता तथा मूल निवास स्थान से शिक्षण संस्थान की दूरी के आधार पर दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की नौकरी या व्यवसाय से जुड़े छात्रों को छात्रावास में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, चाहे वे पढ़ाई के साथ अंशकालिक रूप से ही कार्यरत क्यों न हों। उन्होंने बताया कि छात्रावास में दिया जाने वाला प्रवेश केवल एक शैक्षणिक वर्ष के लिए मान्य होगा, जो प्रवेश की तिथि से 30 मई 2027 तक प्रभावी रहेगा। सत्र समाप्त होने के बाद सभी छात्रों को छात्रावास खाली करना होगा। सत्र 2026-27 के लिए इच्छुक छात्र स्वयं upswdhms.upsdc.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो (जेपीजी/जेपीईजी/पीएनजी प्रारूप में अधिकतम 100 केबी), जाति प्रमाण पत्र, वार्षिक आय प्रमाण पत्र (पीडीएफ प्रारूप में), विद्यालय अथवा संस्थान से घर की दूरी का प्रमाण पत्र तथा वर्तमान सत्र की फीस रसीद या पहचान पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। छात्रावास में प्रवेश प्राप्त करने वाले छात्रों से निर्धारित शुल्क भी लिया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए 100 रुपये काशन मनी तथा अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए 200 रुपये काशन मनी एकमुश्त जमा करनी होगी। इसके अतिरिक्त 25 रुपये प्रति छात्र प्रति माह कमरे का किराया देय होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र एवं इच्छुक छात्रों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने तथा निर्धारित अभिलेखों को पूर्ण रूप से अपलोड करने की अपील की है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment