सरकारी कर्मचारियों के लिए सिविल सर्विसेज खेल चयन/ट्रायल 6 अगस्त को, 19 खेलों में होगा चयन
सरकारी कर्मचारियों के लिए सिविल सर्विसेज खेल चयन/ट्रायल 6 अगस्त को, 19 खेलों में होगा चयन
अमेठी, 27 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय, लखनऊ के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाली सिविल सर्विसेज जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जनपद अमेठी में जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन 6 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में किया जाएगा। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि राज्य कर्मचारियों के कल्याण, खेलों के विकास तथा शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस चयन प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। जिला स्तरीय ट्रायल में टेनिस, वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एवं बेस्ट फिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो तथा योगासन सहित कुल 19 खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 12 एवं 13 अगस्त 2026 को अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा परिसर में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। वहीं मंडल स्तर पर सफल खिलाड़ी 19 एवं 20 अगस्त 2026 को विभिन्न जनपदों में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि चयन/ट्रायल में केवल पूर्ण रूप से सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतिभागियों को अपने विभाग से जारी अनुमति पत्र चयन/ट्रायल के समय प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति पत्र के किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में सम्मिलित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी पर माना जाएगा तथा यात्रा भत्ता आदि की व्यवस्था नियमानुसार संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी। जिला खेल कार्यालय ने सभी विभागाध्यक्षों से अपने-अपने विभाग के इच्छुक खिलाड़ियों को ट्रायल में प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित करने एवं आवश्यक अनुमति प्रदान करने की अपील की है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment