Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

जलभराव से तालाब बना प्राइमरी स्कूल, गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे

 जलभराव से तालाब बना प्राइमरी स्कूल, गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे



सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल 

 ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24 


अमेठी। जनपद के संग्रामपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा मिश्रौली बड़गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय परिसर में पानी निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी भरकर तालाब जैसी स्थिति बन गई है, जिससे बच्चों और शिक्षकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के सामने बनी सड़क विद्यालय परिसर से ऊंची है। इसके कारण वर्षा का पूरा पानी स्कूल में जमा हो जाता है और कई दिनों तक निकासी नहीं हो पाती। मजबूरन बच्चों को गंदे पानी से होकर कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता है, जिससे उनके जूते, मोजे और कपड़े खराब हो जाते हैं।

जलभराव से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि गंदे पानी के कारण फोड़े-फुंसी और अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर शशांक मिश्रा ने बताया कि समस्या की जानकारी उन्हें है और इसे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में भेज दिया गया है। अब जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं