पीछे से दीवार काटकर किराना दुकान में लाखों की चोरी, दूसरी बार बने निशाना व्यापारी
पीछे से दीवार काटकर किराना दुकान में लाखों की चोरी, दूसरी बार बने निशाना व्यापारी
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली बाजार में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए किराना व्यापारी सीटू बरनवाल की दुकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर दुकान की पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और करीब ₹40 हजार की नकदी के साथ लाखों रुपये का कीमती सामान समेट ले गए।
मंगलवार की सुबह जब दुकानदार सीटू बरनवाल दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे की दीवार कटी हुई थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112 और संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। हालांकि घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दुकान के ठीक सामने बैंक की ड्यूटी पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, इसके बावजूद चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे रात्रि गश्त और पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने संग्रामपुर पुलिस पर मामले की लीपापोती करने का भी आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना है कि मिश्रौली बाजार में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
गौरतलब है कि इसी व्यापारी सीटू बरनवाल की दुकान में पिछले वर्ष भी चोरी हुई थी। लगातार दूसरी बार एक ही दुकान को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द खुलासे, चोरी गए सामान की बरामदगी और बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment