सीमावर्ती गांव सिंघाड़ा में एक सप्ताह से ठप जियो नेटवर्क, ग्रामीणों ने डीएम और सांसद जितिन प्रसाद से लगाई गुहार
सीमावर्ती गांव सिंघाड़ा में एक सप्ताह से ठप जियो नेटवर्क, ग्रामीणों ने डीएम और सांसद जितिन प्रसाद से लगाई गुहार
श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़ से डिप्टी up हेड संजीव झांसी की खास रिपोर्ट
पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा से सटे ट्रांस शारदा क्षेत्र के ग्राम सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज में पिछले एक सप्ताह से जियो (Jio) नेटवर्क पूरी तरह ठप होने से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी पीलीभीत और क्षेत्रीय सांसद एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद को शिकायत पत्र सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, गांव में लगा जियो टावर पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे न केवल मोबाइल कॉलिंग प्रभावित हुई है बल्कि इंटरनेट सेवा भी पूरी तरह ठप हो गई है। इससे छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन पढ़ाई, सरकारी कार्य, बैंकिंग सेवाएं, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और अन्य डिजिटल सुविधाएं बाधित हो गई हैं। ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी दूरदराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शिकायत में गंभीर आरोप लगाया है कि जब भी उच्च अधिकारियों की जांच होती है, तब अचानक टावर चालू कर दिया जाता है, लेकिन जांच टीम के लौटते ही नेटवर्क फिर बंद हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लोगों को गुमराह करने और वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास है।
शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि ट्रांस शारदा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन दूरसंचार कंपनियों की लापरवाही विकास की राह में बड़ी बाधा बन रही है। डिजिटल युग में नेटवर्क सुविधा का अभाव सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को कमजोर कर रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जियो नेटवर्क की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। यदि तकनीकी कारणों से जियो सेवा बहाल नहीं हो सकती, तो गांव में एयरटेल या बीएसएनएल का नया मोबाइल टावर स्थापित कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जनहित में व्यापक आंदोलन करने को विवश होंगे

Post a Comment