निघासन नगर पंचायत में आधुनिक लाइब्रेरी का भव्य शुभारंभ, शिक्षा के क्षेत्र में जुड़ा नया अध्याय
निघासन नगर पंचायत में आधुनिक लाइब्रेरी का भव्य शुभारंभ, शिक्षा के क्षेत्र में जुड़ा नया अध्याय
निघासन, लखीमपुर खीरी।
नगर पंचायत निघासन में बुधवार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एमएलसी अनूप गुप्ता एवं इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह (सदस्य विधान परिषद, लखनऊ खंड स्नातक) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने फीता काटकर लाइब्रेरी का शुभारंभ किया और इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा आम नागरिकों के लिए ज्ञान और प्रगति का नया केंद्र बताया।
समारोह में नगर पंचायत निघासन के चेयरमैन बद्री प्रसाद मौर्य, संगम लाल मिश्रा, अशोक तिवारी, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक राजा राजेश्वर सिंह, एसडीएम निघासन यदुवेंद्र सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथियों ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी समाज की बौद्धिक उन्नति का आधार होता है। आधुनिक संसाधनों से युक्त यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का वातावरण प्रदान करेगी और निघासन क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Post a Comment