मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने बदली बेंचू लाल की जिंदगी, रोजगार पाने वाले बने रोजगार देने वाले
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने बदली बेंचू लाल की जिंदगी, रोजगार पाने वाले बने रोजगार देने वाले
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की युवा सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सोच आज हजारों युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी क्षमता और कौशल के बल पर आत्मनिर्भर बने तथा दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करे। इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM YUVA) जनपद अमेठी में युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। जनपद अमेठी के सिंहपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पूरे बुधई निवासी बेंचू लाल की कहानी इस योजना की सफलता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच जीवन यापन करने वाले बेंचू लाल के मन में हमेशा अपना व्यवसाय स्थापित करने का सपना था। वे चाहते थे कि वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करें और समाज में अपनी पहचान बना सकें, लेकिन पूंजी के अभाव में उनका सपना साकार नहीं हो पा रहा था। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। योजना के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आसान ऋण सुविधा, मार्गदर्शन तथा विभिन्न स्तरों पर सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। योजना की जानकारी मिलने के बाद बेंचू लाल ने उद्योग विभाग से संपर्क किया। विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। माननीय मुख्यमंत्री जी की युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने की दूरदर्शी सोच के अनुरूप जनपद अमेठी में जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा समय-समय पर विभिन्न विभागों की समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाता है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उनके मार्गदर्शन में जिले में स्वरोजगार एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन के नेतृत्व में उद्योग विभाग की टीम ने भी लाभार्थियों को योजना से जोड़ने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने तथा बैंकिंग समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभागीय सहयोग और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप बेंचू लाल का आवेदन स्वीकृत हुआ तथा उन्हें उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के माध्यम से ₹4.50 लाख की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। ऋण प्राप्त होने के बाद बेंचू लाल ने रेडीमेड गारमेंट्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई की स्थापना की। प्रारंभ में उन्होंने सीमित स्तर पर कार्य शुरू किया, लेकिन गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और मेहनत के बल पर उनका व्यवसाय धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा। स्थानीय बाजार में उनके उत्पादों की मांग बढ़ी और व्यवसाय का दायरा विस्तारित होने लगा। आज उनकी इकाई नियमित रूप से संचालित हो रही है और उन्हें स्थायी आय का स्रोत प्राप्त हुआ है। इस उद्यम की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि बेंचू लाल केवल स्वयं आत्मनिर्भर नहीं बने, बल्कि उन्होंने अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। उनकी इकाई में वर्तमान में 5 लोगों को रोजगार प्राप्त है, जिससे कई परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है। यह मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के उस मूल उद्देश्य को साकार करता है, जिसके अंतर्गत युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाया जा रहा है। बेंचू लाल बताते हैं कि यदि उन्हें समय पर वित्तीय सहायता और विभागीय मार्गदर्शन नहीं मिला होता तो संभवतः वे अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते। वे माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि सरकार की यह योजना युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे न केवल आर्थिक सहायता मिलती है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है और आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त होती है। आज बेंचू लाल अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर रहे हैं। उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है तथा सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। उनकी सफलता ने आसपास के अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया है। कई युवा अब सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर स्वयं का उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाएं प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदार बना रही हैं। जनपद अमेठी में जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन तथा उपायुक्त उद्योग के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण अनेक युवा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर सफल उद्यमी बन रहे हैं। बेंचू लाल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं को सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध हो जाए तो वे अपनी मेहनत और लगन के बल पर न केवल स्वयं का भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की यह प्रेरक कहानी प्रदेश के उन हजारों युवाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं और अवसर मिलने पर नई सफलता की इबारत लिख सकते हैं।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment