चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
चेहल्लुम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
श्री न्यूज़ 24/अदिति न्यूज़
राजू सिंह /मयंक गुप्ता
पलिया कलां
एसडीएम अवनीश कुमार और सीओ जितेंद्र सिंह परिहार की अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक, 12 फीट से अधिक ऊंचे ताजिये न बनाने के निर्देश
पलिया कलां, खीरी। आगामी 06 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले चेहल्लुम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना पलिया कलां में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवनीश कुमार एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र सिंह परिहार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन एवं ताजियादारों सहित संबंधित लोगों ने भाग लिया।
बैठक में अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ चेहल्लुम मनाने की अपील की। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों का सभी लोग पालन करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 फीट से अधिक ऊंचाई के ताजिये नहीं बनाए जाएंगे। साथ ही ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाला जाएगा तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। विद्युत लाइनों, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।

Post a Comment