घास काटकर लौट रहे युवक की नाले में गिरने से मौत, मां का इकलौता सहारा छिना
घास काटकर लौट रहे युवक की नाले में गिरने से मौत, मां का इकलौता सहारा छिना
श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़ से डिप्टी up हेड संजीव झांसी की खास रिपोर्ट
खजुरिया/संपूर्णनगर। संपूर्णनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित सुतिया नाले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक मवेशियों के लिए चारा काटकर साइकिल से घर लौट रहा था, तभी पुल पर संतुलन बिगड़ने से वह नाले में जा गिरा। काफी देर की तलाश के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान धर्मराज पुत्र सुमेर सैनी, निवासी ग्राम भानपुरी, खजुरिया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शाम करीब छह बजे वह चारा लेकर लौट रहा था। कमलापुर स्थित सुतिया नाले के पुल पर अचानक साइकिल अनियंत्रित हो गई। साइकिल पुल पर ही रह गई, जबकि धर्मराज नीचे नाले में जा गिरा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और मछली पकड़ रहे लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद धर्मराज को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। परिजन और पुलिस की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा उसे सीएचसी पलिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। धर्मराज अपनी मां का इकलौता सहारा था। उसके निधन से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि दो वर्ष पहले उसके पिता इलाज के दौरान अहमदाबाद से लापता हो गए थे, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं लग सका। पिता के लापता होने के बाद घर की पूरी जिम्मेदारी धर्मराज के कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे गांव में शोक की लहर है और हर किसी की जुबान पर यही है कि एक मेहनतकश युवक की असमय मौत ने परिवार का सहारा हमेशा के लिए छीन लिया

Post a Comment