नीति आयोग के निदेशक ने आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार की परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, विभागवार सूचकांकों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
नीति आयोग के निदेशक ने आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार की परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, विभागवार सूचकांकों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
अमेठी। नीति आयोग, भारत सरकार के निदेशक मोहम्मद जुबैर अली हाशिम ने गुरुवार को जनपद अमेठी के आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार का दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल एवं पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नीति आयोग के निदेशक ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत महोना पश्चिम स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं, दवा उपलब्धता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी सूचकांकों में सुधार लाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न जनसेवाओं एवं डिजिटल सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर शैक्षिक गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा सीखने के स्तर में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों के पोषण, टीकाकरण, वजन मापन एवं पूरक पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारियों को कुपोषण मुक्ति एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े सूचकांकों में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। इसके उपरांत निदेशक ने ग्राम पंचायत रसूलपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, घरेलू नल कनेक्शनों की स्थिति, जलापूर्ति की गुणवत्ता एवं परियोजना के संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने जगदीशपुर स्थित एफपीओ का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिया। स्थलीय निरीक्षण के बाद विकासखंड शुकुल बाजार के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, जल निगम, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के जनपद एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में नीति आयोग के निदेशक ने आकांक्षात्मक विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न सूचकांकों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल, डिजिटल सेवाओं एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कम प्रदर्शन वाले बिंदुओं की पहचान की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन सूचकांकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनमें सुधार के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य विकास की मुख्यधारा से जुड़े प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा विकास के मानकों में सतत सुधार लाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से नवाचार आधारित कार्यप्रणाली अपनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने समीक्षा के दौरान आश्वस्त किया कि नीति आयोग द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार के सभी प्रमुख सूचकांकों में अपेक्षित सुधार लाने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैठक के अंत में अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं की पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आकांक्षात्मक विकासखंड शुकुल बाजार विकास के मानकों पर बेहतर प्रदर्शन कर सके।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment