अवकाश के बावजूद विद्यालय खोलने पर डीएम सख्त, बस दुर्घटना की जांच के आदेश
अवकाश के बावजूद विद्यालय खोलने पर डीएम सख्त, बस दुर्घटना की जांच के आदेश
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संबद्ध नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद आरपीएस पब्लिक स्कूल, अलीनगर, जगदीशपुर द्वारा विद्यालय संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। विद्यालय खुला होने के कारण छात्रों को लेकर जा रही स्कूल बस थाना भाले सुल्तान क्षेत्र के निकट एक दूध टैंकर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बस में सवार लगभग 16 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी घायल बच्चों को उपचार हेतु निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है। एक बच्चे को मामूली फ्रैक्चर की शिकायत होने पर बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अवकाश घोषित होने के बावजूद विद्यालय संचालित करने पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासन-प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। मामले में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment