हैदरगढ़: गोताखोर सुनील निषाद ने जान पर खेलकर बचाई लड़की की जिंदगी, गोमती नदी में छलांग लगाकर पेश की मिसाल
हैदरगढ़: गोताखोर सुनील निषाद ने जान पर खेलकर बचाई लड़की की जिंदगी, गोमती नदी में छलांग लगाकर पेश की मिसाल
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। औशानेश्वर स्थित गोमती नदी के पुल पर एक बड़ा हादसा टल गया। पारिवारिक विवाद के बाद आवेश में आकर तुनिहा गाँव की एक लड़की ने औशानेश्वर गोमती पुल से नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद गोताखोर और पुलिस प्रशासन की तत्परता से समय रहते लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना के दौरान मंदिर समिति के जांबाज गोताखोर सुनील निषाद ने अदम्य साहस का परिचय दिया। लड़की को नदी में कूदते देख सुनील ने बिना एक पल गंवाए पुल से ही नदी में छलांग लगा दी। इस साहसिक कदम के दौरान सुनील को गंभीर चोटें भी आईं, लेकिन अपनी जान की परवाह न करते हुए उन्होंने बहादुरी से लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के सदस्य भी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने गोताखोर सुनील निषाद की इस जांबाजी और त्वरित निर्णय की जमकर सराहना की है। चोटिल गोताखोर और बचाई गई लड़की को आवश्यक उपचार व प्राथमिक सहायता प्रदान कर दी गई है।

Post a Comment