सावन के अंतिम सोमवार पर दण्डेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़
सावन के अंतिम सोमवार पर दण्डेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़
गोमती तट पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी मुसाफिरखाना ब्लॉक क्षेत्र के कोछित गांव में गोमती नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध श्री दण्डेश्वर नाथ मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। मंदिर परिसर में दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। महिला, पुरुष और बच्चों ने कतार में लगकर भगवान दण्डेश्वर नाथ के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी से पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।
गोमती नदी के तट पर स्थित होने के कारण श्री दण्डेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। सावन के पूरे महीने यहां भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए भक्तों का आवागमन बना रहता है। अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक इजाफा देखने को मिला।भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सावन के अंतिम सोमवार का पुण्य लाभ प्राप्त किया।

Post a Comment