जगदीशपुर में बिजली संकट गहराया
जगदीशपुर में बिजली संकट गहराया
क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र, किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित
अमेठी
अमेठी जिले के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर किसानों और आम जनता में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और खराब विद्युत लाइनों की समस्या के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।विधायक सुरेश पासी ने अपने पत्र में बताया कि हाल ही में आई आंधी और तूफान के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है।उन्होंने कहा कि इस समय किसानों द्वारा धान की नर्सरी और उड़द की फसल की सिंचाई का कार्य किया जा रहा है, लेकिन लगातार बिजली कटौती और कम वोल्टेज के कारण सिंचाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। घंटों बिजली गुल रहने से निजी नलकूप भी बंद पड़े हैं, जिससे किसानों की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच रही हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने शिकायत की है कि कई ट्रांसफार्मर खराब पड़े हुए हैं तथा जर्जर तारों की मरम्मत भी समय पर नहीं कराई जा रही है। रात के समय होने वाली अघोषित कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सुरेश पासी ने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों को राहत मिल सके और आम जनता को बिजली संकट से निजात मिल पाए।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment