अमेठी में ओवरलोड ट्रकों का आतंक, बड़ा हादसा टला
अमेठी में ओवरलोड ट्रकों का आतंक, बड़ा हादसा टला
अमेठी।
जनपद अमेठी में ओवरलोड वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला टिकरी स्थित एक मसाला फैक्ट्री से जुड़ा है, जहां से निकली एक ओवरलोड ट्रक ने सड़क किनारे लगे दो विद्युत पोलों को तोड़ते हुए जमीन पर गिरा दिया। गनीमत रही कि उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों एवं सूत्रों के अनुसार, ट्रक अत्यधिक ओवरलोड थी और तेज रफ्तार में गुजरते समय विद्युत पोलों से टकरा गई। हादसे के दौरान बिजली लाइन चालू थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसी दौरान वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार बाल-बाल बच गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते उसे पांडे का पुरवा चौराहा स्थित ग्रामीण बैंक के सामने पकड़ लिया गया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से ओवरलोड वाहनों का संचालन धड़ल्ले से जारी है, लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय मौन बना हुआ है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एआरटीओ गौरीगंज की चुप्पी किस ओर इशारा करती है और किसके संरक्षण में ओवरलोडिंग का यह खेल चल रहा है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा संबंधित फैक्ट्री एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment