बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़े बिलों पर गरजी AAP
बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर और बढ़े बिलों पर गरजी AAP
अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन, उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की उठाई मांग
अमेठी। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती, स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण मंडल गौरीगंज-अमेठी के अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपकर आम जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ती बिजली दरों और अनियमित विद्युत आपूर्ति को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होने से छात्रों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और किसानों का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि उमस भरी गर्मी में पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता में वृद्धि के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना लागू की जाए।
ज्ञापन में स्मार्ट मीटरों और कथित गलत बिजली बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अनेक उपभोक्ताओं को अत्यधिक एवं त्रुटिपूर्ण बिल प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।उन्होंने स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा पर जनता का अधिकार है और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो जनहित में व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बिजली व्यवस्था में सुधार तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई। सुनील चौरसिया मंडल ब्यूरो अयोध्या

Post a Comment