भेटुआ में सुरक्षा जवान भर्ती कैंप में उमड़ी युवाओं की भीड़
भेटुआ में सुरक्षा जवान भर्ती कैंप में उमड़ी युवाओं की भीड़
रोजगार की आस में पहुंचे अभ्यर्थियों का हुआ शारीरिक परीक्षण, आज भी जारी रहेगी चयन प्रक्रिया
अमेठी। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन उम्मीद लेकर आया। विकास खंड भेटुआ मुख्यालय पर एसआईएस (सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड) द्वारा आयोजित सुरक्षा जवान भर्ती कैंप में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही भर्ती स्थल पर युवाओं की भीड़ जुटने लगी, जहां चयन प्रक्रिया के तहत शारीरिक परीक्षण एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।कंपनी के अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की लंबाई, सीना और वजन की जांच के साथ शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। इसके बाद शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। भर्ती कैंप में असिस्टेंट सिक्योरिटी इंस्पेक्टर राजवीर सिंह चौहान, वी.के. सिंह गौतम एवं बृजमोहन मौर्य मौजूद रहे।
अधिकारियों के अनुसार शारीरिक परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन में सफल अभ्यर्थियों को 350 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। चयनित युवाओं को जौनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों में सुरक्षा जवान के रूप में नियुक्त किया जाएगा।कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में तैनाती पाने वाले सुरक्षा जवानों को लगभग 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्राप्त हो सकता है, जबकि प्रदेश के बाहर नियुक्ति मिलने पर वेतन 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक पहुंच सकता है। वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है।भर्ती कैंप में पहुंचे युवाओं ने रोजगार के अवसर मिलने पर उत्साह व्यक्त किया। कंपनी की ओर से बताया गया कि भर्ती प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रहेगी, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके। सुनील चौरसिया मंडल ब्यूरो अयोध्या

Post a Comment