अमेठी में धूमधाम से मनाया गया व्यापारी कल्याण दिवस, उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान।
अमेठी में धूमधाम से मनाया गया व्यापारी कल्याण दिवस, उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान।
व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर जनपद के 10 सर्वाधिक करदाताओं को किया गया सम्मानित
दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर प्रेरणा सभागार विकास भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम।
माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का किया गया सजीव प्रसारण।
अमेठी, 29 जून 2026। जनपद अमेठी में सोमवार को विकास भवन सभागार, गौरीगंज में दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, सम्मान और राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को समर्पित रहा। इस अवसर पर मा. मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व व्यापारियों ने आत्मसात किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर अध्यक्ष अमेठी चन्द्रमा देवी, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह तथा उपायुक्त उद्योग द्वारा संयुक्त रूप से की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास में व्यापारियों एवं करदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी वर्ग केवल आर्थिक गतिविधियों का संचालन ही नहीं करता, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। इसी क्रम में दानवीर शिरोमणि भामाशाह के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके अतुलनीय त्याग को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने बताया कि मेवाड़ के ओसवाल जैन परिवार में जन्मे भामाशाह मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति के अद्वितीय प्रतीक थे। जब मुगल शासन के विरुद्ध संघर्ष के दौरान महाराणा प्रताप आर्थिक संकट से जूझ रहे थे, तब भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संचित संपत्ति राष्ट्रहित में समर्पित कर दी थी। उनके इस त्याग और योगदान के कारण महाराणा प्रताप पुनः अपनी सेना को संगठित कर स्वतंत्रता संग्राम को आगे बढ़ाने में सफल हुए। कार्यक्रम में कहा गया कि भामाशाह का जीवन आज के व्यापारी समाज एवं करदाताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा राष्ट्रहित में योगदान देने की भावना को सुदृढ़ करता है। समारोह में उपायुक्त उद्योग अशोक कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके उपरांत विभिन्न व्यापारिक संगठनों एवं अधिवक्ताओं द्वारा मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद के आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न श्रेणियों के 10 उत्कृष्ट करदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ईमानदारी से कर भुगतान करने वाले व्यापारी और करदाता राष्ट्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं तथा उनके योगदान से विकास कार्यों को गति मिलती है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। रजनीश तिवारी द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार में देशप्रेम और सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित कर दिया। इस अवसर पर राज्य कर विभाग के उपायुक्त राज्य कर पीयूषकांत श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त नीरज कुमार सिंह, सहायक आयुक्त संदीप कुमार श्रीवास्तव, राज्य कर अधिकारी अंकुर द्विवेदी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी, प्रमुख व्यापारी, अधिवक्ता एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि व्यापारी समाज, प्रशासन और करदाता मिलकर जनपद तथा राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे तथा आर्थिक प्रगति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment