खीरी: शारदा नदी के किनारे बाढ़ से निपटने का महाअभ्यास, प्रशासनिक अमले और SSB जवानों ने दिखाई ताकत
खीरी: शारदा नदी के किनारे बाढ़ से निपटने का महाअभ्यास, प्रशासनिक अमले और SSB जवानों ने दिखाई ताकत
निघासन (लखीमपुर-खीरी)। संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम पंचायत अदलाबाद में एक वृहद आपदा राहत एवं बचाव मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। शारदा नदी के किनारे आयोजित इस संयुक्त अभ्यास में प्रशासनिक अधिकारियों, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और एसएसबी (SSB) के जवानों ने एक साथ मिलकर अपनी तैयारियों को परखा।
बाढ़ की काल्पनिक स्थिति बनाकर किया गया रेस्क्यू मॉकड्रिल के दौरान नदी किनारे बाढ़ आने की एक काल्पनिक स्थिति (क्राइसिस सीन) तैयार की गई। जैसे ही बाढ़ का अलर्ट जारी हुआ, वैसे ही राहत एवं बचाव दल तुरंत एक्शन मोड में आ गए। अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों और नावों की मदद से उफनती नदी के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का जीवंत प्रदर्शन किया गया। रेस्क्यू किए गए लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित राहत शिविरों तक पहुंचाने का भी अभ्यास किया गया।
SSB की रैपिड रिस्पांस टीम ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
इस दौरान 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की रैपिड रिस्पांस टीम का पराक्रम देखने को मिला। जवानों ने आपदा के समय उपयोग में आने वाले विशेष लाइफ-सेविंग उपकरणों और आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन किया। उपस्थित ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जवानों ने बताया कि बाढ़ जैसी आपात स्थिति में सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से किस तरह अपनी और दूसरों की जान बचाई जा सकती है।
उच्चाधिकारियों ने परखीं तैयारियां, दिए निर्देश कार्यक्रम में मुख्य रूप से अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), एसडीएम राजीव निगम, कोतवाल अवधराज सिंह सेंगर और स्थानीय लेखपाल सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बचाव कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन किया।

Post a Comment