Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

खीरी पुलिस को बड़ी सफलता: 24 लाख के चोरी के जेवर-नकदी बरामद, धौरहरा के दो शातिर चोर गिरफ्तार

 खीरी पुलिस को बड़ी सफलता: 24 लाख के चोरी के जेवर-नकदी बरामद, धौरहरा के दो शातिर चोर गिरफ्तार



लखीमपुर खीरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत स्वॉट, सर्विलांस टीम और थाना हैदराबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम सेमरई में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 24 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, 64,700 रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त औजार, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 की रात ग्राम सेमरई निवासी चन्द्रप्रकाश मिश्रा के घर में खिड़की तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में जेवर चोरी किए गए थे। इस मामले में थाना हैदराबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह करीब 4:06 बजे कंधरापुर-देवकली मार्ग से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनीराम गौतम उर्फ मन्नी (निवासी ग्राम गुदरिया, थाना धौरहरा) तथा पवन (निवासी शुक्लाबाट, थाना धौरहरा) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम कफारा में 5 जून 2026 को हुई चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है।


बरामदगी में लगभग 125 ग्राम सोने के जेवर, 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी, चोरी में इस्तेमाल होने वाले कटर, सब्बल, पेचकस, मास्क, दस्ताने, एक बिना नंबर की ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। धौरहरा के कफारा गांव में हुई चोरी से संबंधित जेवर भी पुलिस ने बरामद किए हैं।


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनीराम गौतम उर्फ मन्नी पर वर्ष 1998 से अब तक हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी और नकबजनी समेत 51 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी पवन पर इस चोरी का एक मुकदमा दर्ज है।


इस कार्रवाई को स्वॉट, सर्विलांस और थाना हैदराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया है।

कोई टिप्पणी नहीं