बजाज हिंदुस्तान मिल के गन्ना भुगतान पर सियासत तेज, अजय राय ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी
बजाज हिंदुस्तान मिल के गन्ना भुगतान पर सियासत तेज, अजय राय ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कांग्रेस ने आंदोलन की दी चेतावनी
श्री न्यूज़ 24 / अदिति न्यूज़
डिप्टी यूपी हेड: संजीव झांझी
लखीमपुर खीरी। पलिया कलां स्थित बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल द्वारा किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान न किए जाने का मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। किसानों के भुगतान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए आंदोलन का संकेत दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर किसानों का समस्त बकाया गन्ना भुगतान तत्काल कराने की मांग की है।
अजय राय ने अपने पत्र में कहा कि पलिया कलां क्षेत्र के हजारों किसान लंबे समय से अपने गन्ने के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। लगातार हो रही देरी के कारण किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मिल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करते हुए अविलंब भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
इससे पहले उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर हस्तक्षेप की मांग कर चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
किसान रैली में दी थी आंदोलन की चेतावनी
12 मार्च 2026 को पलिया कलां में आयोजित विशाल किसान रैली में भी गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इस रैली में एआईसीसी महासचिव अविनाश पांडेय, नेता प्रतिपक्ष आराधना मिश्रा 'मोना', सीतापुर सांसद राकेश राठौर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
रैली को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा था कि यदि किसानों का भुगतान समय पर नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। इसी दौरान गन्ना भुगतान आंदोलन की जिम्मेदारी किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या को सौंपी गई थी, जिसके बाद से वह लगातार किसानों की मांगों को सरकार और प्रशासन के सामने उठा रहे हैं।
"गन्ने का मूल्य किसानों का अधिकार"
कांग्रेस का कहना है कि गन्ने का मूल्य किसानों का कानूनी और संवैधानिक अधिकार है। भुगतान में देरी किसानों के साथ अन्याय है और सरकार को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। पार्टी ने मांग की है कि बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल पर आवश्यक दबाव बनाकर किसानों का पूरा बकाया जल्द से जल्द दिलाया जाए।
फिलहाल पलिया क्षेत्र के हजारों किसान अपने बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस के आंदोलन की चेतावनी और मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के बाद इस मुद्दे पर सरकार और मिल प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Post a Comment