भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप पकड़ी
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप पकड़ी
श्री न्यूज़ 24 अदिति न्यूज़ यूपी हेड मनोज प्रजापति
पलिया/संपूर्णानगर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बार फिर सतर्कता का परिचय देते हुए खाद की अवैध तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के ग्राम रानीनगर के निकट सीमा पर की गई कार्रवाई में नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की तीन बोरियां बरामद की गईं। इस दौरान तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसएसबी को सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जवानों ने निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान कार्रवाई करते हुए नेपाल की ओर ले जाई जा रही यूरिया खाद को कब्जे में ले लिया गया। बरामद खाद के साथ पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ जारी है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर खाद, दैनिक उपयोग की वस्तुओं और अन्य सामान की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमा पर चौकसी और गश्त बढ़ाए जाने का ही परिणाम है कि तस्करी के प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।
सीमा सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि एसएसबी की सक्रियता से सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहने की उम्मीद है।

Post a Comment