अमेठी: इन्हौना इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान के बाद भी समय पर नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर
अमेठी: इन्हौना इंडियन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान के बाद भी समय पर नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर
जनपद अमेठी की तहसील तिलोई स्थित इन्हौना इंडियन गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के कई लोगों का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने और ऑनलाइन भुगतान करने के बाद भी उन्हें समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है और बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की बुकिंग और भुगतान पूरा होने के बावजूद एजेंसी से उन्हें हर बार अलग-अलग कारण बताकर वापस कर दिया जाता है। कई लोगों का आरोप है कि समय पर गैस न मिलने के कारण उनके घरों का रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चों वाले परिवार सबसे अधिक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जब गैस का पूरा भुगतान पहले ही कर दिया जाता है, तो फिर समय पर सिलेंडर न मिलना उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि काफी समय से बनी हुई है। कई उपभोक्ताओं ने मौखिक शिकायत भी की, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली के कारण आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन, खाद्य एवं रसद विभाग तथा इंडियन ऑयल के संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं को बुकिंग और भुगतान के बाद निर्धारित समय के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment