बेखौफ चोरों का धावा: घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर व नकदी पर किया हाथ साफ, पुलिस जांच में जुटी
बेखौफ चोरों का धावा: घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर व नकदी पर किया हाथ साफ, पुलिस जांच में जुटी
अमेठी। जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर परवेज पुर गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं।जानकारी के अनुसार कासिमपुर परवेजपुर निवासी नरेन्द्र यादव पुत्र विंध्याचल यादव के घर में पीछे का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। घर में रखे लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.60 लाख रुपये बताई जा रही है।मंगलवार सुबह परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 और जगदीशपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।पीड़ित परिवार ने जगदीशपुर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा चोरों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। वहीं लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है और उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment