अमेठी मुख्यालय पर चला बुलडोजर, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज
अमेठी मुख्यालय पर चला बुलडोजर, सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज
अमेठी जनपद मुख्यालय पर प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में एआरटीओ, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय के सामने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सड़क किनारे रखी गई अवैध गुमटियां और अन्य अस्थायी कब्जों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सरकारी कार्यालयों के सामने अवैध गुमटियों और अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात बाधित होता था। साथ ही कार्यालय आने वाले कर्मचारियों, फरियादियों और राहगीरों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि जिलेभर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़कें सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहें।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment