Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष ने रैली को दिखाई हरी झंडी

 विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष ने रैली को दिखाई हरी झंडी



अमेठी, 01 जुलाई 2026। प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय गौरीगंज परिसर से किया गया। अभियान के तहत 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा शाहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अंशुमान सिंह, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. प्रदीप तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरीगंज डॉ. राजीव सौरभ, जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहेब सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद गौरीगंज, पंचायती राज विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए उपयोग में लाई जाने वाली फॉगिंग मशीन एवं एंटी लार्वा मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम, जनजागरूकता तथा स्वच्छता को बढ़ावा देना है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग सहित कुल 11 विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका निर्धारित की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा एवं एएनएम के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर बुखार एवं आईएलआई रोगियों की पहचान, क्षय रोग के संभावित मरीजों की सूची तैयार करने, मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का विनष्टीकरण तथा वेक्टर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे तथा दिव्यांगजनों की सूची तैयार कर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा बुखार से पीड़ित व्यक्तियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, लार्वानाशी दवाओं का छिड़काव, कूड़े का समुचित निस्तारण तथा फॉगिंग कराई जाएगी। कृषि विभाग जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए कार्य करेगा, जबकि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग खुले में शौच से मुक्ति, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, हैंडपंपों एवं प्लेटफार्मों की मरम्मत, पर्यावरणीय स्वच्छता तथा नालियों की सफाई सुनिश्चित करेगा। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें आवश्यक पोषाहार उपलब्ध कराया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्रों में उपचार एवं देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, जिससे जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित बनाया जा सके।


यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

कोई टिप्पणी नहीं