नवनिर्मित पंजीयन एवं स्टांप कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण, अमेठी को मिली आधुनिक प्रशासनिक सुविधा
नवनिर्मित पंजीयन एवं स्टांप कार्यालय भवन का भव्य लोकार्पण, अमेठी को मिली आधुनिक प्रशासनिक सुविधा
माननीय राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने किया लोकार्पण, जल्द अमेठी व मुसाफिरखाना में भी नए निबंधन कार्यालयों का निर्माण होगा प्रारंभ।
अमेठी। जनपद अमेठी में पंजीयन एवं स्टांप विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। नवनिर्मित कार्यालय सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं न्यायालय सहायक आयुक्त स्टांप तथा कार्यालय उप निबंधक गौरीगंज का भव्य लोकार्पण माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री रवीन्द्र जायसवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, सदस्य विधान परिषद शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। लोकार्पण समारोह की शुरुआत माननीय राज्य मंत्री द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं फीता काटकर की गई। इसके उपरांत उन्होंने नवीन भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश भी दिया। लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व माननीय राज्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस, गौरीगंज में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा स्टांप विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा की। अपने संबोधन में माननीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सक्षम सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजीयन विभाग प्रदेश के राजस्व सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा विभाग को जनोन्मुखी बनाने के लिए अनेक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में वर्तमान में चार उप निबंधक कार्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष औसतन लगभग 16 हजार दस्तावेजों का पंजीकरण किया जाता है। इससे विभाग को लगभग 80 करोड़ 20 लाख रुपये वार्षिक राजस्व प्राप्त होता है। बीते वित्तीय वर्ष की तुलना में पंजीकृत विलेखों की संख्या में लगभग 3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। माननीय मंत्री ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए पंजीयन शुल्क में विभिन्न प्रकार की रियायतें प्रदान कर रही है। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीकरण पर मिलने वाली छूट की सीमा को बढ़ाकर 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति से 1 करोड़ रुपये मूल्य तक कर दिया गया है। इससे महिलाओं को अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में प्रतिवर्ष महिलाओं के नाम पंजीकृत लगभग 8700 दस्तावेजों पर करीब 8 करोड़ रुपये की स्टांप शुल्क छूट प्रदान की जाती है। इसी प्रकार दान-पत्रों पर प्रतिवर्ष लगभग 15 करोड़ रुपये, भूतपूर्व सैनिकों को लगभग 23 लाख रुपये तथा दिव्यांगजनों को लगभग 11 लाख रुपये की छूट दी जाती है। इन व्यवस्थाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ मिल रहा है तथा पंजीयन कार्यों को प्रोत्साहन भी प्राप्त हो रहा है। माननीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी क्रम में अमेठी एवं मुसाफिरखाना के निबंधन कार्यालयों के नवीन भवनों का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे नागरिकों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी ने वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए कहा कि जनपद अमेठी को मिली इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं माननीय राज्य मंत्री श्री रवीन्द्र जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में अमेठी में आधारभूत सुविधाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नवीन भवन के निर्माण से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी तथा पंजीयन संबंधी कार्यों में और अधिक सुगमता आएगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रदेश सरकार एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। सदस्य विधान परिषद शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान एवं आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नवीन भवन जनपद की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के समय एवं संसाधनों की भी बचत करेगा। जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद प्रशासन नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नवीन कार्यालय भवन से विभागीय कार्यों के संचालन में दक्षता बढ़ेगी तथा आमजन को बेहतर वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में अमेठी में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इस अवसर पर सहायक महानिरीक्षक स्टांप कमलेश पाठक ने बताया कि लगभग 3 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से कार्यालय सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं न्यायालय सहायक आयुक्त स्टांप तथा कार्यालय उप निबंधक गौरीगंज के नवीन भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण से विभागीय कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी तथा आमजन को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। कार्यक्रम में अयोध्या मण्डल के उप महानिरीक्षक निबंधन ऋषिकेश पाण्डेय, स्टांप एवं पंजीयन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment