रामपुर पांवरा का सार्वजनिक शौचालय बदहाल, पानी-सफाई दोनों गायब ग्रामीणों ने उठाए सवाल
रामपुर पांवरा का सार्वजनिक शौचालय बदहाल, पानी-सफाई दोनों गायब ग्रामीणों ने उठाए सवाल
सिंहपुर/तिलोई, अमेठी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन विकासखंड सिंहपुर की ग्राम पंचायत रामपुर पांवरा में यह उद्देश्य धरातल पर अधूरा नजर आ रहा है। यहां बना सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ा है। पानी और नियमित सफाई की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक शौचालय में न तो पानी की व्यवस्था है और न ही नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। शौचालय के अंदर गंदगी फैली रहती है, जिससे लोगों को इसका उपयोग करने में कठिनाई होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाईकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहा है, जबकि उसे प्रत्येक माह वेतन का भुगतान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और ग्राम पंचायत को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद आम लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।इस संबंध में ग्राम प्रधान नंदकिशोर ने बताया कि शौचालय में लगी विद्युत लाइन का कनेक्शन कट जाने के कारण मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित है। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन बहाल होने के बाद पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा।हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली की समस्या है तो भी नियमित साफ-सफाई कराना ग्राम पंचायत और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उनका आरोप है कि शौचालय की उपेक्षा के कारण स्वच्छता अभियान के उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) सिंहपुर एवं जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) अमेठी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सार्वजनिक शौचालय में तत्काल पानी और सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित सफाईकर्मी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर सार्वजनिक शौचालय को व्यवस्थित कराएगा, जिससे लोगों को स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment